रुड़की में गंगनहर किनारे बड़ा हादसा टला, भुट्टा विक्रेता बना ‘फरिश्ता’

रुड़की में गंगनहर किनारे बड़ा हादसा टला, भुट्टा विक्रेता बना ‘फरिश्ता’

स्थान : रूडकी
ब्यूरो रिपोर्ट

कोतवाली क्षेत्र के सोलानी पार्क के पास शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब पारिवारिक विवाद से परेशान सहारनपुर के छुटमलपुर निवासी सुमित नाम के युवक ने अचानक गंगनहर में छलांग लगा दी। तेज बहाव के चलते वह कुछ ही पलों में पानी में बहकर डूबने लगा।

घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर शोरगुल शुरू हो गया। इसी दौरान पास में भुट्टे की दुकान लगाने वाले मोनू नाम के युवक ने साहस दिखाते हुए डूबते युवक को देखा और बिना देर किए अपनी दुकान छोड़कर गंगनहर में छलांग लगा दी।

मोनू ने अपनी जान की परवाह किए बिना तेज बहाव के बीच संघर्ष करते हुए सुमित को पकड़ लिया और उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। स्थानीय लोगों के अनुसार यह पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घटित हुई, लेकिन मोनू की सूझबूझ और साहस से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

घटना का एक वीडियो भी किसी राहगीर द्वारा बना लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मोनू को गंगनहर में संघर्ष करते हुए युवक को पकड़कर बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है, जिसे लोग जमकर सराह रहे हैं।

बचाव के बाद मोनू ने सुमित को अपनी दुकान पर बैठाया और प्राथमिक सहायता दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। बाद में परिजनों को सूचना देकर सुमित को उनके सुपुर्द कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि सुमित पारिवारिक विवाद से मानसिक रूप से परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि समय रहते मोनू की बहादुरी से उसकी जान बच गई।

इस घटना के बाद क्षेत्र में मोनू की जमकर प्रशंसा हो रही है। स्थानीय लोगों ने उसे ‘रियल हीरो’ बताते हुए कहा कि उसकी बहादुरी ने एक परिवार को टूटने से बचा लिया।