

स्थान : रानीखेत
रिपोर्ट : संजय जोशी


विकासखंड के बग्वालीपोखर क्षेत्र में विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं जिला पंचायत सदस्य भूपाल सिंह भंडारी का आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। रामलीला मैदान में चल रहे इस आंदोलन को क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।


आमरण अनशन पर बैठे भूपाल सिंह भंडारी ने कहा कि बग्वालीपोखर क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए रानीखेत और द्वाराहाट अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है, जो काफी दूरी पर स्थित हैं। इससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों और ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।



उन्होंने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में बासुलीसेरा चिकित्सालय का उच्चीकरण, बग्वालीपोखर क्षेत्र में 108 एंबुलेंस सेवा की नियमित व्यवस्था और आधार सेवा केंद्र की स्थापना शामिल है। भंडारी ने कहा कि जब तक इन मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


अनशन स्थल पर लगातार जनप्रतिनिधियों की आवाजाही बनी हुई है। ब्लॉक प्रमुख Arti Kirola, पूर्व विधायक Pushpesh Tripathi, भाजपा नेता आशुतोष शाही और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र किरौला सहित कई सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।

इधर प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार बग्वालीपोखर में आधार सेवा केंद्र खोलने पर सहमति बन गई है, जबकि अन्य मांगों पर अभी विचार-विमर्श जारी है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि शेष मुद्दों पर भी जल्द उचित निर्णय लिया जाएगा।


फिलहाल अनशन स्थल पर तनावपूर्ण लेकिन शांतिपूर्ण स्थिति बनी हुई है और लोगों की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।

