नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुचिता के साथ सम्पन्न कराने के निर्देश जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने दिए हैं। नगर निगम सभागार में परीक्षा तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जाए तथा अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्रों का सुरक्षित वितरण, परीक्षा केंद्रों की निगरानी तथा सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रहें और नियमों के अनुसार बायोमैट्रिक उपस्थिति के बाद ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए बैकअप व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखा जाए।

जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षार्थी शांतिपूर्ण और नियमों के अनुरूप परीक्षा दें।

बैठक में परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने जानकारी दी कि जनपद को परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए 2 जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र को एक सेक्टर बनाया गया है और कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर 3874 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।

बैठक में एसपी सिटी मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी सहित विभिन्न अधिकारी, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए।