

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विधानसभा क्षेत्र चंपावत में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।


जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जनपद में योग दिवस के आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर सभी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित किया गया है।



उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, पार्किंग और प्रतिभागियों के बैठने की समुचित व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।


डीएम मनीष कुमार ने कहा कि योग दिवस के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि कार्यक्रम को जन-जन का आंदोलन बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलेभर में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से लोगों को योग के लाभ और महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है।


इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को योग दिवस कार्यक्रम से जोड़ना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।

