लौका और गोठा को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग तेज, ग्रामीणों ने देहरादून में मंत्री से की मुलाकात

लौका और गोठा को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग तेज, ग्रामीणों ने देहरादून में मंत्री से की मुलाकात

स्थान – सितारगंज
रिपोर्टर – तनवीर आंसरी

सितारगंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लौका और गोठा को राजस्व ग्राम घोषित कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल ग्राम प्रधान अनिल राव के नेतृत्व में देहरादून पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा से उनके आवास पर मुलाकात कर गांवों को राजस्व ग्राम घोषित किए जाने की मांग उठाई।

ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष बताया कि लंबे समय से क्षेत्रवासी अपने गांव को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।

मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के साथ वन मंत्री सुबोध उनियाल तथा सचिव रवि शंकर भी मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों की मांग और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

ग्रामीणों ने अधिकारियों और मंत्रियों को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द से जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने से क्षेत्र के विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी।

बैठक के दौरान मंत्रियों और अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से सुना और उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि मामले का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि देहरादून में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल राजस्व ग्राम की मांग को लेकर उनसे मिलने पहुंचा था। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि 15 दिनों के भीतर भूमि संबंधी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

सौरभ बहुगुणा ने कहा कि रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद शासन स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की मांग को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा और नियमानुसार उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।