स्थान : लालकुआँ
रिपोर्टर : मुन्ना अंसारी


लालकुआं जनता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित तहसील दिवस कार्यक्रम में उस समय अव्यवस्था देखने को मिली जब कई विभागों के अधिकारी मौके से नदारद पाए गए। इस पर स्थानीय विधायक ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है।


जानकारी के अनुसार लालकुआं तहसील में आयोजित तहसील दिवस के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। लेकिन मौके पर कई विभागीय कुर्सियां खाली पड़ी मिलीं, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली।



इस दौरान लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट जब कार्यक्रम में पहुंचे तो उन्होंने अधिकारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान यह सामने आया कि कई अधिकारी न तो स्वयं उपस्थित थे और न ही उन्होंने अपने किसी प्रतिनिधि को भेजा था।


स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की, जिसमें 16 अधिकारियों के हस्ताक्षर दर्ज थे, लेकिन मौके पर केवल चार अधिकारी ही मौजूद पाए गए। बाकी अधिकारी हस्ताक्षर कर कार्यक्रम से अनुपस्थित हो गए थे।

इस लापरवाही पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए इसे गंभीर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बताया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित ऐसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में अधिकारियों की अनुपस्थिति अस्वीकार्य है।

इसके बाद विधायक ने जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से दूरभाष पर वार्ता कर मामले की जानकारी दी और अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।



स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील दिवस जैसी व्यवस्था का उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान करना होता है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से यह उद्देश्य प्रभावित होता है।
प्रशासनिक स्तर पर मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


