स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार सोमवती अमावस्या के स्नान पर्व के दौरान ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता और धमकाने के मामले में हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी पति-पत्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।


जानकारी के अनुसार सोमवार को सोमवती अमावस्या के अवसर पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी, जिसके चलते शहर के कई क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ गया था। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिसकर्मी विभिन्न चौराहों पर तैनात थे।



कनखल क्षेत्र के देश रक्षक चौक पर भी पुलिसकर्मी यातायात संचालन में जुटे हुए थे। इसी दौरान वीआईपी नंबर की एक ऑडी कार वहां पहुंची, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग सवार थे।


बताया जा रहा है कि यातायात व्यवस्था को लेकर कार सवार लोगों की वहां मौजूद दरोगा और अन्य पुलिसकर्मियों से बहस हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कार सवार लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।


घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों द्वारा रिकॉर्ड कर लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।

पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और संबंधित व्यक्तियों की पहचान की। जांच के बाद दिल्ली निवासी क्षतिज बाली, संकेत वाली और क्षतिज बाली की पत्नी के खिलाफ कनखल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।



पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोमवती अमावस्या जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखना होती है। ऐसे में अधिकारियों ने आम लोगों से सहयोग की अपील भी की है।


