

स्थान : चमोली
ब्यूरो रिपोर्ट

चमोली कर्णप्रयाग में मंगलवार को निहंग सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद एवं झड़प के बाद अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है। बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा भी सुचारू रूप से जारी है। इस बीच गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, गोविंदघाट ने श्रद्धालुओं से शांति, सद्भाव और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।


ट्रस्ट के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक साधना का प्रतीक है। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान भाईचारे, संयम और मर्यादा का पालन करना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के विवाद से बचना चाहिए।



ट्रस्ट की ओर से जारी अपील में बताया गया कि 23 मई से शुरू हुई हेमकुंड साहिब यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है।


अपील में कहा गया है कि श्रद्धालु यात्रा के महत्व और उद्देश्य को समझते हुए पूर्ण श्रद्धा और मर्यादा के साथ यात्रा करें। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे धार्मिक भावनाओं या यात्रा की गरिमा को ठेस पहुंचे। यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है।

ट्रस्ट ने विशेष रूप से सिख धर्म में शस्त्रों के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि शस्त्र धर्म की रक्षा और आत्मसम्मान के प्रतीक हैं, न कि उनके दुरुपयोग के लिए। इसलिए यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ लाने से बचना चाहिए।


संदेश में यह भी कहा गया कि यात्रा पर आने वाले छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने के लिए प्रोत्साहित न किया जाए। सभी श्रद्धालु सुरक्षा और धार्मिक मर्यादाओं का विशेष ध्यान रखें।



ट्रस्ट ने उत्तराखंड को देश-दुनिया में देवभूमि के रूप में पहचान रखने वाला शांतिप्रिय राज्य बताते हुए कहा कि यहां स्थित बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब जैसे पवित्र तीर्थस्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में श्रद्धालु कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

