चोपड़ा गांव में बाघ का हमला, महिला गंभीर घायल, ग्रामीणों में दहशत

चोपड़ा गांव में बाघ का हमला, महिला गंभीर घायल, ग्रामीणों में दहशत

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

रामनगर वन प्रभाग की कोटा रेंज अंतर्गत ग्राम चोपड़ा में बाघ के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि घायल महिला को उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम चोपड़ा निवासी भुवन चंद्र की 40 वर्षीय पत्नी उमा उर्फ रमा देवी मंगलवार दोपहर गांव की कुछ अन्य महिलाओं के साथ घर के समीप पानी लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से वहां मौजूद महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाघ को भगाने का प्रयास किया।

ग्रामीणों के शोर-शराबे के बाद बाघ घायल महिला को लहूलुहान अवस्था में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ को शीघ्र पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे लोगों को खेतों और जंगल के आसपास जाने में डर लग रहा है। उन्होंने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है।

मामले में कोटा रेंज के रेंजर ने बताया कि घटना के बाद वन विभाग की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया है और क्षेत्र में लगातार गश्त कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की अनुमति उच्च अधिकारियों से मांगी गई है। वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।