



रिपोर्टर- (ललित जोशी-सहयोगी धर्मा चन्देल)
स्थान- नैनीताल
बीते दिनों नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लाक में पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद के घर सतलोक में कुछ अराजक तत्वों द्वारा आगजनी एवं फायरिंग की घटना सामने आयी थी। जिसमें पुलिस ने चार लोगों को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कोतवाली भवाली जनपद नैनीताल में मुकदमा FIR NO 73/2021, धारा-147,148,452,436,504 भा.द.वि. के अंतर्गत तत्काल अभियोग पंजीकृत कर अराजक तत्वो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल/ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के दिशा निर्देशन व भूपेंद्र सिंह धोनी, क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण और कुशल नेतृत्व में नामजद अभियुक्त गणों की गिरफ्तारी व उक्त घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्त गणों की तलाश और गिरफ्तार के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया था। जिसमें प्रथम टीम का निर्देशन प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भवाली अशोक कुमार, दूसरी टीम का निर्देशन थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर मो0 आसिफ खान व तीसरी टीम का निर्देशन थानाध्यक्ष भीमताल रमेश बोहरा कर रहे थे। इसी क्रम में दिनांक 17 नवंबर को वांछित अभियुक्त गणों की तलाश एवं गिरफ्तारी हेतु क्षेत्राधिकारी भवाली , प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भवाली के नेतृत्व में संचालित पुलिस टीम प्रथम जब रामगढ़ रोड स्विस बैंक के आगे वाले बैंड पर पहुंचे तो मुखबिर की सूचना से ज्ञात हुआ कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद रामगढ़ ब्लाक सतखोल घर पर जिन लोगों ने आगजनी व गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था उनमें से चार लोग अपने बचाव के लिए हल्द्वानी की ओर भागने की फिराक में खड़े थे।


सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भवाली की टीम प्रथम व थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर की टीम द्वितीय ने स्विस बैंक विलेज से आगे वाले बैंड से आगे खड़े चारों व्यक्तियों को आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया। पकड़े गए चारों व्यक्तियों में से एक के कब्जे से अवैध पिस्टल (32 बोर) मय मैगजीन बरामद हुई। पकड़े गए चार व्यक्तियो में एक नथुवाखान भवाली और तीन सूपी मुक्तेश्वर क्षेत्र के है।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तगणों ने बताया कि हम कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के घर पर उनका पुतला दहन करने गए थे | हमने सिर्फ वहां पर पुतला फूंका और नारेबाजी की थी। जहां सलमान खुर्शीद के आवास के केयर टेकर से हमारी गाली-गलौज व अभद्रता हो गई और विरोध के आवेश में आकर हमने सलमान खुर्शीद के मकान पर आगजनी व फायरिंग कर दी और फरार हो गए। उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज हो गया है | हमारा वीडियो वायरल होने से, हम लोग अपने बचाव में वकील के पास हल्द्वानी जा रहे थे । जिस दौरान उन्हें पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया । चारों व्यक्तियों में से एक व्यक्ति जिसके पास अवैध शस्त्र बरामद हुआ के विरुद्धधारा-147,148,452, 436, 504 आई.पी.सी. सहित 25 शस्त्र अधिनियम व शेष तीन अभियुक्त गणों को धारा 147,148, 452, 436, 504 आई.पी.सी. के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।अभियुक्तगणों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में अशोक कुमार प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भवाली, मो0 आसिफ थानाध्यक्ष मुक्तेश्वर, व0उ0नि0 भवाली प्रकाश सिंह मेहरा, उ0नि0 मनोज कुमार, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्य, आरक्षी विपिन शर्मा, आरक्षी उमेश राज, आरक्षी विनोद रावत थे |



