

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में वेतनवृद्धि की मांग को लेकर कर्मचारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। विभिन्न कंपनियों के कर्मचारी पिछले चार दिनों से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।


कैंपस, लक्सर, जीनस और इंडो हर्बल समेत कई कंपनियों के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष और महिला कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।


प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने वेतनवृद्धि की मांग को लेकर लेबर कमिश्नर कार्यालय तक मार्च निकाला। बताया जा रहा है कि करीब 500 कर्मचारी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।


जीनस कंपनी के बाहर दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्रित हुए। कंपनी परिसर के बाहर माहौल काफी गरमाया रहा और कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे कर्मचारियों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।


स्थिति को नियंत्रित रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कर्मचारियों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास किया।


प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। कर्मचारियों ने एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने की बात कही है।
लगातार चल रहे इस प्रदर्शन के चलते सिडकुल क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

