दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आदतन अपराधी को ढोल-नगाड़ों के साथ किया तड़ीपार

दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आदतन अपराधी को ढोल-नगाड़ों के साथ किया तड़ीपार

स्थान :देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

देहरादून में दून पुलिस ने गुण्डा अधिनियम के तहत एक आदतन अपराधी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ढोल-नगाड़े बजाकर जिला बदर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को जनपद की सीमा से बाहर छोड़ते हुए तय अवधि तक वापस न लौटने की सख्त चेतावनी दी है।

पुलिस के अनुसार जिलाधिकारी देहरादून द्वारा अभियुक्त को छह माह के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए गए थे। आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सहारनपुर, उत्तर प्रदेश बॉर्डर तक पहुंचाया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को सार्वजनिक रूप से तड़ीपार किया, ताकि क्षेत्र में अपराधियों के बीच सख्त संदेश जाए। पुलिस ने स्पष्ट रूप से हिदायत दी कि निर्धारित अवधि के दौरान यदि आरोपी जनपद की सीमा में पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में नकबजनी, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से उसकी गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने जिला बदर की कार्रवाई की थी।

दून पुलिस का कहना है कि लगातार अपराध में लिप्त रहने वाले और क्षेत्र की कानून व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

पुलिस ने बताया कि गुण्डा एक्ट के तहत ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है, ताकि आम जनता में सुरक्षा का माहौल कायम रह सके।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बनेगा।

दून पुलिस ने साफ किया है कि जनपद में अपराध और असामाजिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।