

स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट


लक्सर के डुमनपुरी के पास बीते दिन हुए भीषण सड़क हादसे में अब एक दुखद खबर सामने आई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब एक कार चालक ने अनियंत्रित होकर सड़क पर जा रही पांच छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में तीन छात्राओं की हालत गंभीर बताई गई थी।

घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया था, जबकि एक छात्रा को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया था।


हायर सेंटर में उपचार के दौरान रेफर की गई छात्रा मीनू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया है।


स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है। उनका कहना है कि अगर यातायात नियमों का पालन सख्ती से कराया जाए तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।



पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

