बाजपुर में जलभराव से निपटने की तैयारी तेज, नालों की सफाई अभियान शुरू

बाजपुर में जलभराव से निपटने की तैयारी तेज, नालों की सफाई अभियान शुरू

लोकेशन : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

उत्तराखंड के बाजपुर में आगामी वर्षाकाल को देखते हुए नगर पालिका ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया है। चेयरमैन गुरजीत सिंह ‘गित्ते’ के निर्देश पर शहर के सभी नालों और नालियों की तलीझाड़ सफाई कराई जा रही है।

इस अभियान के तहत चेयरमैन ने सभासद जगतजीत सिंह और सफाई नायक कुंदन सिंह के साथ मौहल्ला बाँकेनगर में चल रही सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर सफाई कर्मियों को पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

चेयरमैन गुरजीत सिंह ने कहा कि हर साल बरसात के दौरान शहर में जलभराव की समस्या सामने आती है, जिसे देखते हुए इस बार पहले से ही व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। नगर क्षेत्र के सभी प्रमुख नालों की गहराई तक सफाई करवाई जा रही है, ताकि पानी का बहाव बाधित न हो।

उन्होंने प्रशासन से भी सहयोग की मांग करते हुए कमिश्नर और जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि वर्षाकाल से पहले लेबड़ा नदी और हाथी चिंगाड़ नदी की भी तलीझाड़ सफाई कराई जाए, जिससे शहर को पूरी तरह जलभराव से बचाया जा सके।

चेयरमैन ने नगरवासियों से भी अपील की कि वे कूड़ा-करकट नालों और नालियों में न डालें। उन्होंने कहा कि पालिका की ओर से सुबह-शाम कूड़ा गाड़ी भेजी जाती है, उसी में कचरा डालकर शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।

उन्होंने यह भी कहा कि बाजपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए प्रशासन और जनता दोनों की भागीदारी जरूरी है। अगर सभी मिलकर प्रयास करें, तो जलभराव जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

नगर पालिका का यह अभियान शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं को कम करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।