रुड़की में दिनदहाड़े फायरिंग, जामा मस्जिद के पास दहशत का माहौल

रुड़की में दिनदहाड़े फायरिंग, जामा मस्जिद के पास दहशत का माहौल

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के रुड़की से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में जामा मस्जिद के पास हुई इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:20 बजे चार बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि घायल युवक पेशे से राजमिस्त्री हैं और उनका कुछ लोगों से पहले विवाद हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने पहले दोनों युवकों की पिटाई की और उसके बाद खुलेआम फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना जामा मस्जिद के पास की है, जहां आसपास के CCTV कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। यह फुटेज अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन चुकी है।

वारदात को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर एक ही बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि आरोपी पहले से ही योजना बनाकर आए थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।