तीर्थनगरी में तेज अंधड़ से जनजीवन प्रभावित, हाईवे पर गिरे पेड़ से लगा जाम

तीर्थनगरी में तेज अंधड़ से जनजीवन प्रभावित, हाईवे पर गिरे पेड़ से लगा जाम

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की तीर्थनगरी ऋषिकेश में सोमवार सुबह अचानक मौसम बदलने से तेज अंधड़ और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं ने कई जगह नुकसान भी पहुंचाया।

श्यामपुर स्थित नटराज बायपास मार्ग पर तेज अंधड़ के चलते दो विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। अचानक पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहन जहां-तहां फंस गए।

हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई वाहन पेड़ की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पेड़ों को हटाने का प्रयास शुरू किया।

कुछ ही देर में पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पेड़ों को कटवाकर सड़क किनारे हटाने का काम शुरू किया।

इस दौरान हाईवे पर ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहा। पुलिस ने यातायात को डायवर्ट कर वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को गंतव्य की ओर भेजा, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।

श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने बताया कि पेड़ों को हटाने के बाद अब हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश और तेज हवाओं के दौरान वाहन सावधानी से चलाएं। साथ ही पैदल चलने वालों को भी अनावश्यक जोखिम न लेने की सलाह दी गई है।