

स्थान : पौडी गढ़वाल
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के सतपुली विकासखंड अंतर्गत ग्राम रैतपुर में युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मृतक पंकज कुमार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।


गोदियाल ने इस दौरान स्थानीय पुलिस अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली और मामले में गंभीर चिंता जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि यह मामला बेहद गंभीर और दुखद है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रताड़ना के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत चिंताजनक है।


गोदियाल ने बताया कि परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक युवक का एक बाइक हादसा हुआ था, जिसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। आरोप है कि वहां उसके साथ शारीरिक प्रताड़ना की गई, जिससे आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।
उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो क्लिपिंग में मृतक ने अपनी परेशानी का जिक्र किया है, जो इस मामले को और गंभीर बनाता है। उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है।


गोदियाल ने पूर्व की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नैनीताल और टिहरी जिलों में भी पुलिस पर प्रताड़ना के आरोप सामने आए हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।


उन्होंने मांग की कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और जांच के दौरान आरोपित पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा देने की भी मांग की है। अब देखना होगा कि सरकार इस मामले में क्या कदम उठाती है और जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।

