

लोकेशन : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

उत्तराखंड के बाजपुर विधानसभा क्षेत्र के कुंडेश्वरी इलाके में नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक यशपाल आर्य ने करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।


कार्यक्रम के तहत ग्राम सभा शिवलालपुर डल्लू में 83.32 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही ग्राम कुंडेश्वरी हिमालय कॉलोनी में 6.30 लाख रुपये की लागत से कार्यों का उद्घाटन भी किया गया।

इसके अलावा दिव्याधाम क्षेत्र में 1 करोड़ 31 लाख रुपये, फौजी कॉलोनी में 97.16 लाख रुपये, गौरीकुंड फेस-2 में 97.62 लाख रुपये और गौरी कुंज फेज-2 में 98.45 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मार्गों का शिलान्यास किया गया।


इन सभी परियोजनाओं के अंतर्गत लगभग 4 किलोमीटर लंबाई के मार्गों का निर्माण किया जाएगा, जिसकी कुल लागत करीब 5 करोड़ 14 लाख रुपये बताई गई है। इन कार्यों से क्षेत्रीय जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कुंडेश्वरी पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने यशपाल आर्य का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


इस अवसर पर विधायक ने जनसमस्याओं को भी सुना और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है।



कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राकेश लखेड़ा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गुरदयाल सिंह, कुंवर सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं और मजबूत होंगी तथा आमजन को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

