


उत्तराखंड के रुड़की में जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक युवक की जान खतरे में डाल दी। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक कार चालक ने सड़क पर अफरा-तफरी मचा दी।


जानकारी के अनुसार, एक i10 कार बीएसएम की ओर से मालवीय चौक की तरफ तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और बीएसएम लॉ कॉलेज के सामने एक अपाची बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत पास के हेमंत अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।


हादसे के बाद भी आरोपी चालक नहीं रुका और कार को तेज गति से आगे बढ़ाते हुए शेखपुरी की ओर मुड़ रही एक अन्य गाड़ी को भी टक्कर मार दी। इस टक्कर में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मालवीय चौक के पास कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में आक्रोश देखने को मिला।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक नशे की हालत में था और कार में एक युवती भी मौजूद थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।


गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी ने अपना नाम सोरन थापा बताया है और उससे पूछताछ की जा रही है।


पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

