मसूरी माल रोड पर हंगामा, पर्यटक दंपती और स्थानीय लोगों में मारपीट

मसूरी माल रोड पर हंगामा, पर्यटक दंपती और स्थानीय लोगों में मारपीट

लोकेशन- मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड की पर्यटन नगरी मसूरी में रविवार देर शाम माल रोड बैरियर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली से आए एक पर्यटक ने प्रतिबंधित समय में वाहन अंदर ले जाने की जिद पकड़ ली। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पर्यटक दंपती और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पर्यटक अपने परिवार के साथ माल रोड बैरियर पर पहुंचा था, जहां ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने उसे नियमों की जानकारी देते हुए वाहन बाहर पार्क करने को कहा। लेकिन पर्यटक वाहन अंदर ले जाने की जिद पर अड़ गया और बैरियर के पास ही कार खड़ी कर दी।

बताया जा रहा है कि पर्यटक करीब साढ़े पांच घंटे तक वहीं बैठा रहा, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। देर शाम जब स्थानीय लोगों ने वाहन हटाने का अनुरोध किया, तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान पर्यटक और उसकी पत्नी ने स्थानीय व्यक्ति पर चप्पलों से हमला किया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, वहीं महिलाओं के बीच भी धक्का-मुक्की हुई।

घटना के दौरान माल रोड बैरियर क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को काबू में किया।

पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां देर रात तक एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर बहस चलती रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रतिबंधित समय में नियमों का उल्लंघन और सार्वजनिक स्थान पर हंगामा किया गया। पुलिस के अनुसार, पब्लिक न्यूसेन्स फैलाने और कानून व्यवस्था बाधित करने के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पर्यटन सीजन में बढ़ती अव्यवस्था पर चिंता जताई है और माल रोड पर नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।