चम्पावत दौरे पर रहेंगे सीएम धामी, कई योजनाओं का करेंगे लोकार्पण

चम्पावत दौरे पर रहेंगे सीएम धामी, कई योजनाओं का करेंगे लोकार्पण

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 4 मई को अपनी विधानसभा चम्पावत के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री का आगमन प्रातः 10:30 बजे एसएसबी हेलीपैड चम्पावत पर होगा। इसके बाद वे सीधे जिला चिकित्सालय के पास स्थित सीसीयू ब्लॉक पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री यहां एमआरआई मशीन सहित कई अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का लोकार्पण करेंगे। इससे जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है और स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।

अस्पताल कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री प्रातः 11:00 बजे गोरल मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे और विशेष अनुष्ठान में भाग लेंगे।

इसके बाद वे 11:15 बजे गोरलचौड़ मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री इस दौरान गोरलचौड़ मैदान में आयोजित भव्य गोल्ज्यू महोत्सव में भी शिरकत करेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवलोकन करेंगे।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।

हालांकि, चम्पावत क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है, लेकिन इसके बावजूद कार्यक्रम तय समयानुसार आयोजित करने की तैयारी की गई है।