

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रायवाला कोतवाली परिसर से ही एक स्कूटी चोरी हो गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।


पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार की है, जब कोतवाली रायवाला के मालखाना मोहर्रिर हेड कांस्टेबल गिरीश भट्ट ने देखा कि माल मुकदमाती में खड़ी स्कूटी अपनी जगह से गायब है। इसके बाद तत्काल जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि रात के अंधेरे में दो अज्ञात चोर बेखौफ होकर थाना परिसर में दाखिल हुए और स्कूटी को स्टार्ट कर फरार हो गए। यह पूरी वारदात कैमरों में कैद हो गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

घटना के बाद शनिवार को गिरीश भट्ट की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और सुरागरसी के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सफलता मिली और ऋषिकेश के पास तीन पानी फ्लाईओवर क्षेत्र से चोरी की स्कूटी के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 18 वर्षीय विदित पाहवा उर्फ राहुल के रूप में हुई है, जो मानसरोवर कॉलोनी भट्टोवाला गुमानीवाला क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके दूसरे साथी की तलाश भी तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


इस घटना ने एक बार फिर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया गया है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

