कार्तिकेय शर्मा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे हरीश रावत, परिजनों को बंधाया ढांढस

कार्तिकेय शर्मा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे हरीश रावत, परिजनों को बंधाया ढांढस

रिपोर्टर: संजय जोशी
स्थान: रानीखेत

पूर्व एमएलसी स्वर्गीय बी.डी. शर्मा के प्रपौत्र एवं कांग्रेस नेता त्रिभुवन शर्मा के पुत्र कार्तिकेय शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मंगलवार को उनके आवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

गौरतलब है कि 23 वर्षीय कार्तिकेय शर्मा का 20 अप्रैल को कर्नाटक के मनिपाल शहर में एक सड़क दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था। इस हादसे से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कार्तिकेय के पिता त्रिभुवन शर्मा और अन्य परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि कार्तिकेय का असमय निधन केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है। इतनी कम उम्र में एक उज्ज्वल भविष्य का इस तरह समाप्त हो जाना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।

हरीश रावत ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

इस अवसर पर कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने कार्तिकेय को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

कार्यक्रम में पीसीसी सदस्य कैलाश पांडे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष उमेश भट्ट, कोऑर्डिनेटर कुलदीप कुमार और महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष नेहा माहरा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

पूरे माहौल में शोक और संवेदना का भाव देखने को मिला, जहां सभी ने दिवंगत कार्तिकेय शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।