हरिद्वार में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, चारधाम यात्रा को लेकर सख्ती तेज

हरिद्वार में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, चारधाम यात्रा को लेकर सख्ती तेज

स्थान :हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार। चारधाम यात्रा को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों में लगातार छापेमारी की जा रही है, जिससे खाद्य मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

अभियान के तहत बहादराबाद क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 14 ढाबों और होटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में आवश्यक फूड लाइसेंस और डिस्प्ले बोर्ड न मिलने पर नोटिस जारी किए गए।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में अनियमितताएं भी पाई गईं। खराब तेल के उपयोग, गलत रजिस्ट्रेशन और आवश्यक दस्तावेजों की अनुपलब्धता पर संबंधित संचालकों को चेतावनी दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई ढाबा संचालकों को सुधार के लिए नोटिस जारी करते हुए तत्काल अनुपालन के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में हाईवे पर भी संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। चंडी मंदिर से गैंडीखाता तक 9 ढाबों की जांच की गई, जहां बिना लाइसेंस संचालन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की गई।

अधिकारियों ने सभी ढाबा और होटल संचालकों को रेट लिस्ट प्रदर्शित करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

खाद्य विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह अभियान चारधाम यात्रा के दौरान लगातार जारी रहेगा।