

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

ऊधम सिंह नगर जिले में गदरपुर विधायक अरविन्द पांडेय एक बार फिर जमीन विवाद को लेकर चर्चाओं में आ गए हैं। पहले गुलरभोज भूमि प्रकरण और अब नए आरोपों के चलते उनकी राजनीतिक मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।


ताजा मामले में विधायक के पुत्र अतुल पांडेय पर जमीन के नाम पर धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। काशीपुर के ग्राम कुंआखेड़ा निवासी पीड़ित किसान मक्खन सिंह का कहना है कि उनके साथ जमीन खरीद के मामले में धोखा हुआ है और अब उस जमीन पर विवाद खड़ा हो गया है।


इसी के विरोध में किसानों ने तहसील परिसर में अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने 40 दिन की दुधमुंही बच्ची को आगे कर प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। यह प्रदर्शन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।


पीड़ित किसानों ने उपजिलाधिकारी अमृता शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि या तो उन्हें उनकी जमीन वापस दिलाई जाए या फिर बाजार मूल्य के अनुसार पैसा लौटाया जाए। किसानों का आरोप है कि सत्ता के प्रभाव के चलते उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले गुलरभोज प्रकरण में भी विधायक पर भुक्सा जनजाति की जमीन से जुड़े आरोप लगे थे। मामला बढ़ने पर विधायक ने अपने पुत्र के नाम दर्ज जमीन को वापस जनजाति के नाम करवाया था, लेकिन अब पुराने समझौतों को लेकर नए विवाद सामने आ रहे हैं।

वहीं विधायक अरविन्द पांडेय ने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक होने के कारण उनकी छवि खराब करने के लिए विरोधी इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कभी किसी के साथ अन्याय नहीं किया और हमेशा पीड़ितों की आवाज उठाई है।

मामले पर एसडीएम अमृता शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्षों की बात सुनकर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच किसान संगठनों ने भी चेतावनी दी है कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बढ़ते विवाद के चलते यह मामला अब राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तर पर तूल पकड़ता जा रहा है।

