

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

नैनीताल जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अब सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि विकास प्राधिकरण द्वारा करीब 33 लाख रुपये की लागत से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत ANPR Camera (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन) कैमरे लगाए जाएंगे।


यह कैमरे नैनीताल, भीमताल और भवाली के प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर स्थापित किए जाएंगे। इसके माध्यम से वाहनों की गति पर नियंत्रण, पार्किंग प्रबंधन और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।


दीपक रावत ने बताया कि इस प्रणाली के जरिए शहर में प्रवेश और निकास करने वाले सभी वाहनों का वैज्ञानिक डेटा सेंटर में रिकॉर्ड रखा जाएगा, जिसे मोबाइल के माध्यम से भी मॉनिटर किया जा सकेगा।


आयुक्त ने यह भी कहा कि वर्तमान में नैनीताल में संचालित एएनपीआर कैमरों के जरिए नगर पालिका द्वारा वसूले जा रहे टोल टैक्स की भी निगरानी की जा सकेगी। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वाहनों से सही तरीके से शुल्क वसूला जा रहा है या नहीं।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैंची धाम मंदिर गेट के पास भी 15 जून 2026 को लगने वाले मेले से पहले कैमरा लगाया जाए। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या का सटीक आंकलन किया जा सकेगा। इस कार्य के लिए बैठक में ही धनराशि आवंटित कर दी गई।

शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान पुलिस विभाग द्वारा मण्डायुक्त के समक्ष कैमरों के माध्यम से वाहनों की मॉनिटरिंग का डेटा प्रेजेंटेशन भी दिया गया। इसमें पिछले 24 घंटे का ट्रैफिक डेटा प्रस्तुत किया गया।

प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार हल्द्वानी से नैनीताल 3958 वाहन पहुंचे, जबकि नैनीताल से हल्द्वानी 1577 वाहन गए। वहीं भवाली से नैनीताल 2540 और नैनीताल से भवाली 2323 वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया।

बैठक में एएसपी आरडी मठपाल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस पहल को पर्यटन स्थलों पर सुव्यवस्थित यातायात और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

