महिला आरक्षण विधेयक पर सियासत तेज, भाजपा ने विपक्ष पर लगाया आरोप

महिला आरक्षण विधेयक पर सियासत तेज, भाजपा ने विपक्ष पर लगाया आरोप

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत

महिला आरक्षण विधेयक के सदन में पारित न हो पाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। गुरुवार को भाजपा नेत्री एवं आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष भावना मेहरा ने प्रेस वार्ता कर विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

भावना मेहरा ने कहा कि विपक्ष के विरोध के कारण देश की करोड़ों महिलाओं के सपनों को झटका लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सशक्तिकरण की बात करने वाले दल निर्णायक समय पर महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े हो गए।

उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से महिलाओं के सम्मान और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रही है, लेकिन विपक्ष की “नकारात्मक राजनीति” के कारण यह महत्वपूर्ण विधेयक आगे नहीं बढ़ सका।

मेहरा ने इसे महिलाओं के साथ “विश्वासघात” करार देते हुए कहा कि विपक्ष परिवारवाद की राजनीति को बचाने के लिए आम महिलाओं की भागीदारी का विरोध कर रहा है।

इसी मुद्दे पर क्षेत्रीय विधायक प्रमोद नैनवाल ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं के अधिकारों के मामले में विपक्ष का रुख दुर्भाग्यपूर्ण है।

इससे पहले रानीखेत पहुंचने पर भावना मेहरा का भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

इस मौके पर कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें जिला और मंडल स्तर के नेता शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा की गई।

इस दौरान जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, भाजयुमो जिला अध्यक्ष साहिल बेलवाल,प्रदेश मंत्री विमला रावत, जिला पंचायत सदस्य बीना बिष्ट, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष हेमा नेगी, जिला उपाध्यक्ष गणेश राम, जिलामंत्री ध्यान सिंह नेगी, तनुजा साह, सरिता पांडेय, लता पांडेय, राम सिंह रावत सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।