हल्द्वानी के मंगल पड़ाव में मिला 61 वर्षीय व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी

हल्द्वानी के मंगल पड़ाव में मिला 61 वर्षीय व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

शहर के मंगल पड़ाव क्षेत्र में गुरुवार शाम के समय एक 61 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

मृतक की पहचान चंदन सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें क्षेत्र में राजू के नाम से भी जाना जाता था। उनकी उम्र करीब 61 वर्ष बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार चंदन सिंह मंगल पड़ाव के पास स्थित एक भट्टी में काम करते थे और आसपास के क्षेत्र में ही उनका आना-जाना रहता था।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। एंबुलेंस की मदद से शव को अस्पताल भेजा गया, जहां शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

आसपास के लोगों का कहना है कि मृतक नशे का सेवन करता था। हालांकि मौत की वास्तविक वजह के संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस मृतक के परिजनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल उसके परिवार के सदस्यों का पता नहीं चल पाया है और उनसे संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।