
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोट

रवासन नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने बुधवार को ग्रामीणों के साथ जनजागरण यात्रा निकाली। यात्रा आर्यनगर गोठ से मंगोलपुरा तिराहे तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा में महिलाओं और पुरुषों ने भी भाग लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रवासन नदी पर जल्द से जल्द पुल निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई।


विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि झूला पुल निर्माण के लिए वर्ष 2021-22 में प्रथम किस्त जारी की जा चुकी थी। उनका आरोप है कि करीब चार वर्ष बीतने के बावजूद वन विभाग और अन्य विभागों से जुड़ी आपत्तियों का पूरी तरह निस्तारण नहीं हो पाया है।


उन्होंने कहा कि रवासन नदी पर पुल नहीं होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। विधायक के अनुसार वह विधानसभा में भी कई बार इस मुद्दे को उठा चुकी हैं और सरकार से निर्माण प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग कर रही हैं।


अनुपमा रावत ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण में हो रही देरी से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से वित्तीय और विभागीय प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

रवासन नदी पर पुल की मांग को लेकर पिछले कुछ दिनों से ग्रामीण भी आंदोलन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण शुरू होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। हाल में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी आंदोलनरत ग्रामीणों से वार्ता की थी।



वहीं प्रशासन की ओर से बताया गया है कि पुल के लिए प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। हाल की जानकारी के अनुसार झूला पुल के स्थान पर स्टील गार्डर पुल के प्रस्ताव पर भी काम किया जा रहा है।

विधायक अनुपमा रावत ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुल निर्माण का काम शुरू नहीं किया गया तो वह ग्रामीणों के साथ अनशन पर बैठने के लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की इस मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रखा जाएगा।

