
स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर के सुप्रसिद्ध और ऐतिहासिक नंदा देवी मेले का देर शाम केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

मेले के शुभारंभ से पहले केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने मां नंदा-सुनंदा के दरबार में पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।



समारोह को संबोधित करते हुए अजय टम्टा ने कहा कि नंदा देवी मेला उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने का भी माध्यम है।


इस दौरान टम्टा ने केंद्र सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम छू रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विकास के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को मजबूत करने पर भी जोर दिया जा रहा है।


अल्मोड़ा में नंदा देवी मेले की परंपरा सदियों पुरानी मानी जाती है। इतिहासकारों और स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, इस मेले की शुरुआत 17वीं शताब्दी में चंद राजवंश के शासनकाल के दौरान हुई थी।

आठ दिनों तक चलने वाले इस पारंपरिक मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां और परंपरागत आयोजनों के जरिए कुमाऊं की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।



मेले के दौरान मां नंदा-सुनंदा की पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।

मेले का मुख्य आकर्षण 23 सितंबर को मां नंदा-सुनंदा की भव्य डोली और नगर शोभायात्रा होगी। डोली यात्रा के साथ ही आठ दिवसीय ऐतिहासिक नंदा देवी मेले का विधिवत समापन होगा।

