रामनगर में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, सात गिरफ्तार; 79,525 रुपये नकद बरामद

रामनगर में जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा, सात गिरफ्तार; 79,525 रुपये नकद बरामद

स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोट

जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने पीरूमदारा क्षेत्र के उदयपुरी चौपड़ा में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक एक नवनिर्माणाधीन कॉलोनी के पास जुआ खेल रहे लोगों पर छापा मारकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस को क्षेत्र में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार टीम को देखकर वहां मौजूद लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सात लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।

पुलिस दस्तावेजों के अनुसार गिरफ्तार लोगों की पहचान सूरजीत सिंह, परवेज, सुरेश, अंकित, गामा, सोनू और राजेंद्र के रूप में हुई है। एफआईआर में कुछ अन्य लोगों के मौके से भागने का भी उल्लेख किया गया है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 79 हजार 525 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा जुए में इस्तेमाल की जा रही ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है।

पुलिस ने मौके से तीन वाहनों को भी कब्जे में लिया है और उन्हें सीज करने की कार्रवाई की गई है। वाहनों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

मामले में सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच उप निरीक्षक प्रेम बल्लभ जोशी को सौंपी गई है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जुए के इस खेल में और कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही मौके से फरार बताए गए लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सात लोगों की गिरफ्तारी, करीब 79 हजार रुपये की नकदी बरामदगी और तीन वाहनों पर कार्रवाई के बाद क्षेत्र में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने कहा है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।