

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। तेज गर्मी के चलते लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।


प्रदेश सरकार की ओर से गर्मी को लेकर गाइडलाइन जारी की गई है, लेकिन इसके बावजूद लोगों की परेशानियां कम नहीं हो रही हैं। खासकर मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप ज्यादा देखने को मिल रहा है।

जसपुर क्षेत्र में इन दिनों लूज मोशन, डिहाइड्रेशन, बुखार और उल्टी-दस्त जैसी बीमारियों के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। इसका सीधा असर स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अस्पताल के प्रभारी डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत ने बताया कि बढ़ती गर्मी के कारण इस तरह की बीमारियां तेजी से फैल रही हैं और लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।


उन्होंने लोगों से अपील की है कि खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करें, क्योंकि तेज गर्मी के कारण उनका तापमान बढ़ जाता है और वे जल्दी खराब हो सकते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में अनावश्यक बाहर न निकलने और खासकर मजदूरी या भारी काम सुबह या शाम के समय करने की सलाह दी है।


स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है, ताकि समय रहते उपचार किया जा सके।

