ऋषिकेश एम्स का 6वां दीक्षांत समारोह आज, उपराष्ट्रपति करेंगे छात्रों को सम्मानित

ऋषिकेश एम्स का 6वां दीक्षांत समारोह आज, उपराष्ट्रपति करेंगे छात्रों को सम्मानित

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

एम्स ऋषिकेश में गुरुवार को 6वां दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 318 छात्रों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उपराष्ट्रपति सुबह करीब 11 बजे एम्स के हेलीपैड पर पहुंचेंगे, जहां से वे समारोह स्थल के लिए रवाना होंगे। उनके हाथों ही विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।

समारोह को लेकर पूरे एम्स परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी तैनात हैं।

एम्स के हेलीपैड क्षेत्र में भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जहां वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।

दीक्षांत समारोह को लेकर छात्रों और उनके परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। संस्थान प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

एम्स प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए हर स्तर पर तैयारियां की गई हैं, ताकि यह आयोजन यादगार बन सके।