

स्थान :देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है।


चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान और उत्थान के लिए लाए गए इस महत्वपूर्ण विधेयक के खिलाफ वोटिंग कर विपक्ष ने “महापाप” किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं के अधिकारों को लेकर गंभीर नहीं है।


उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशभर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है, ताकि जनता को विपक्ष की भूमिका से अवगत कराया जा सके।

इसी क्रम में 24 अप्रैल को देहरादून में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा एक विशाल जनाक्रोश रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और महिलाओं के शामिल होने की उम्मीद है।

इसके अलावा 25 अप्रैल तक प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों में प्रेस वार्ताएं आयोजित कर विपक्ष को घेरने की रणनीति बनाई गई है।

चौहान ने कहा कि सभी जिला मुख्यालयों पर जनाक्रोश सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जहां पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा के सभी 305 मंडलों में भी जनाक्रोश सम्मेलन और पदयात्राएं निकाली जाएंगी, जिससे यह मुद्दा गांव-गांव तक पहुंच सके।

भाजपा का कहना है कि इस अभियान के जरिए महिलाओं के अधिकारों के मुद्दे पर विपक्ष की “वास्तविक सोच” को जनता के सामने लाया जाएगा।

