भीमताल के ज्योली गांव में गुलदार का हमला, महिला की मौत से फैली दहशत

भीमताल के ज्योली गांव में गुलदार का हमला, महिला की मौत से फैली दहशत

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद नैनीताल के भीमताल ब्लॉक अंतर्गत ज्योली गांव में गुलदार के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ज्योली गांव निवासी हेमा पांडे (लगभग 47 वर्ष) जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें जंगल की ओर घसीट ले गया।

महिला के साथ गई अन्य दो महिलाओं ने जब उन्हें नहीं पाया तो घबराकर गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल की ओर खोजबीन के लिए निकले।

करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटना की सूचना मिलते ही ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट भी मौके पर पहुंचे और मृतक परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

डॉ. बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और पिछले एक वर्ष में यह नौवीं या दसवीं घटना है, जो बेहद चिंताजनक है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और आदमखोर गुलदार को पकड़ने या मार गिराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन विभाग द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा खतरे में है।

वन विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि प्रभावित क्षेत्र में पिंजरे लगाए जाएंगे और गुलदार को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।