क्वारब स्लाइड जोन का डीएम ने किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

क्वारब स्लाइड जोन का डीएम ने किया निरीक्षण, कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी

उत्तराखंड के अल्मोड़ा में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार क्वारब पहुंचकर स्लाइड जोन में चल रहे सुधारीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों से कार्यों की प्रगति और शेष कामों की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने विशेष रूप से कार्यस्थल पर मजदूरों और मशीन ऑपरेटर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

डीएम अंशुल सिंह ने कहा कि यह मार्ग अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे महत्वपूर्ण जनपदों को जोड़ता है, इसलिए इसकी उपयोगिता को देखते हुए कार्यों में गुणवत्ता और गति दोनों बनाए रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सड़क पर वाहनों का संचालन सुचारू रूप से बना रहे और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने नवनिर्मित क्वारब बायपास मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह बायपास मार्ग क्वारब के स्लाइड प्वाइंट से होने वाली बाधाओं से बचने के लिए तैयार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस मार्ग के शेष कार्य जल्द से जल्द पूरे कर इसे संचालन के लिए तैयार किया जाए।

उन्होंने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से यह मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए इसका शीघ्र संचालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके और क्षेत्र में आवागमन सुगम हो।

डीएम ने यह भी कहा कि इस बायपास मार्ग के शुरू होने से जहां एक ओर यात्रियों का निर्बाध आवागमन सुनिश्चित होगा, वहीं दूसरी ओर स्लाइड जोन में चल रहे सुधार कार्यों को भी तेजी से पूरा किया जा सकेगा।