

स्थान : रुड़की
ब्यरो रिपोर्ट

रुड़की से एक शानदार और प्रेरणादायक खबर सामने आई है, जहां CBSE 10वीं के नतीजों ने छात्रों के चेहरों पर खुशी की चमक बिखेर दी है। शहर के कई स्कूलों में इस बार बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला, जिसके बाद जश्न का माहौल है।


रुड़की के ग्रीनवे मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल में इस बार छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया। स्कूल के छात्र शिवांश गुप्ता ने 98.8% अंक हासिल कर टॉप किया। वहीं मोहम्मद जारीब ने 98% के साथ दूसरा और तेजस्विनी सैनी ने 97.2% अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।


ग्रीनवे स्कूल की खास उपलब्धि यह रही कि यहां के 52 छात्रों ने 90% से अधिक अंक हासिल किए, जो स्कूल की शिक्षा गुणवत्ता और छात्रों की मेहनत को दर्शाता है। इस सफलता के बाद स्कूल में जश्न का माहौल देखने को मिला।


वहीं चंद्रशेखर पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया। स्कूल के छात्र अनिरुद्ध त्यागी ने 98.40% अंक प्राप्त कर टॉप किया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
अनिरुद्ध ने आईटी विषय में 100 अंक और सामाजिक विज्ञान व अंग्रेजी में 99-99 अंक हासिल कर बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने भविष्य का लक्ष्य NDA के माध्यम से भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा करना बताया।

विद्यालय के अन्य छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिनमें परी सैनी ने 93.40%, मोहम्मद अरसलान और शिवांशी सैनी ने 91.40% तथा अपूर्वा ने 90.60% अंक प्राप्त किए।

दोनों स्कूलों के छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उनका कहना है कि निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो पाई है।
रिजल्ट घोषित होते ही स्कूलों में मिठाइयां बांटी गईं और खुशी का माहौल देखने को मिला। छात्रों की इस सफलता ने न केवल स्कूल बल्कि पूरे रुड़की क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

