हल्द्वानी पुलिस थाने का औचक निरीक्षण, सुरक्षा और अनुशासन को लेकर दिए सख्त निर्देश

हल्द्वानी पुलिस थाने का औचक निरीक्षण, सुरक्षा और अनुशासन को लेकर दिए सख्त निर्देश

स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट

पुलिस अधीक्षक महोदय के नेतृत्व में हल्द्वानी पुलिस थाने का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की शुरुआत सलामी गार्ड द्वारा पुलिस अधीक्षक को सलामी देने के साथ हुई, जहाँ टर्नआउट की गुणवत्ता उच्च कोटि की पाई गई।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीवी व्यवस्था और साफ-सफाई का विस्तृत अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने शस्त्रों को खोलने और पुनः जोड़ने (हैंडलिंग) का अभ्यास सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से कराया।

पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, बीट पुलिसिंग और जनसंपर्क को और मजबूत करने का निर्देश दिया गया। थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और पुलिस कर्मियों के अनुशासन पर संतोष व्यक्त किया गया।

निरीक्षण के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आगामी आयोजनों को लेकर पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संवेदनशील और सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

विशेष निर्देशों में शस्त्र धारकों के दो से अधिक शस्त्रों का निरस्तीकरण, रजिस्टरों का अद्यावधिक रखना, दंगा नियंत्रण उपकरणों की जानकारी और ई-बीट बुक प्रणाली का पालन शामिल है। इसके अतिरिक्त मालखाने के माल का सुव्यवस्थित प्रबंधन और संबंधित मामलों में बारकोड चस्पा करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें श्री विजय मेहता (प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी), श्री रोहतास सागर (वरिष्ठ उप निरीक्षक), श्री भूपेंद्र मेहता (वरिष्ठ उप निरीक्षक द्वितीय) और अन्य चौकी प्रभारी शामिल थे। निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ करना और आमजन को बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करना बताया गया।