द्वाराहाट में संघ शताब्दी वर्ष पर जन गोष्ठी का आयोजन

द्वाराहाट में संघ शताब्दी वर्ष पर जन गोष्ठी का आयोजन

स्थान : रानीखेत
रिपोर्ट : संजय जोशी

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर द्वाराहाट में एक प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्र प्रमुख धनी राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

गोष्ठी में क्षेत्र प्रमुख धनी राम ने संघ द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संघ की स्थापना सन् 1925 में हुई थी और तब से यह संगठन समाज में राष्ट्रवादी विचारों के प्रसार का कार्य कर रहा है।

धनी राम ने कहा कि समाज सेवा के कार्यों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता है। शाखाओं के माध्यम से स्वयंसेवकों को देश सेवा और त्याग की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने उपस्थित स्वयंसेवकों को समाज के हर वर्ग में जाकर सेवा कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उन्होंने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन और विचारों पर भी प्रकाश डाला। उनके योगदान और राष्ट्रभक्ति के सिद्धांतों को समझाते हुए उपस्थित कार्यकर्ताओं से इन विचारों को अपनाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ के महत्व को भी विस्तार से समझाया गया। उन्होंने कहा कि यह न केवल देशभक्ति का प्रतीक है, बल्कि समाज में एकता और प्रेरणा फैलाने का माध्यम भी है।

गोष्ठी में धर्मानंद जी, कमल जी, बलवीर जी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने इस कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई और समाज सेवा के महत्व पर जोर दिया।