
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

आज सुबह 6.50 बजे देहरादून के जोहड़ी गांव में एक गंभीर सड़क हादसे और फायरिंग की घटना सामने आई। कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही तत्काल उच्च अधिकारियों और राजपुर थाना को घटना की जानकारी दी गई।


एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मसूरी रोड पर मालसी के पास एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और एक स्कॉर्पियो N कार में सवार व्यक्तियों के बीच विवाद हो गया। विवाद का कारण फॉर्च्यूनर कार को रास्ता न देने की बात बताई जा रही है।


सूत्रों के मुताबिक स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए उसके टायर पर फायरिंग की। इस फायरिंग में सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को गोली लगी, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।


घटना के दौरान फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर कार में सवार व्यक्तियों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में फॉर्च्यूनर कार में सवार दो लोग घायल हुए।

एसएसपी देहरादून ने अस्पताल जाकर घायल व्यक्तियों और मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। साथ ही, घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज की भी समीक्षा की जा रही है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान लगी गोली से घायल व्यक्ति का उपचार के दौरान अस्पताल में निधन हो गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों की तलाश जारी है।


