
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

अंबेडकर नगर पार्क के पास नगर निगम की दुकान पर चल रहे अवैध निर्माण के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ठेकेदार ने घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। इस लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है।

बताया जा रहा है कि नगर निगम से दुकान की केवल मरम्मत की अनुमति ली गई थी, लेकिन मौके पर नियमों को दरकिनार कर पूरी दुकान को तोड़कर दोबारा निर्माण किया जा रहा था।

सूत्रों का कहना है कि मरम्मत के नाम पर अवैध निर्माण लंबे समय से जारी था, लेकिन संबंधित विभाग ने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे हादसे की आशंका पहले से ही बनी हुई थी।

हादसे के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निगरानी की जाती तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी।

मौके की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि दुकान को पूरी तरह तोड़कर दोबारा बनाया जा रहा था, जो कि दी गई अनुमति के विपरीत है।


घायल मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, वहीं घटना के बाद ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

