
स्थान : हल्द्वानी
ब्यरो रिपोर्ट

हल्द्वानी में खाकी का खौफ अब खत्म होता नजर आ रहा है। बनभूलपुरा इलाके में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दो पक्ष आमने-सामने भिड़ गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि दोनों पक्ष लात-घूंसे चलाते हुए एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं, जबकि पुलिस बीच-बचाव करने का प्रयास कर रही थी। मारपीट के कारण इलाके में अराजकता फैल गई थी।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद दो दिन पुराना है। हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की शुरुआत मामूली कहासुनी से हुई थी, जो देखते ही देखते हाथापाई और भिड़ंत में बदल गई।

एसपी सिटी ने कहा कि इस मामले में पुलिस ने शुरुआती कार्रवाई कर ली है। हालांकि, जिस तरह कानून का मजाक उड़ाया गया, उसे देखते हुए बनभूलपुरा थाने को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अब सख्त मोड में है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। एसपी सिटी ने बनभूलपुरा पुलिस को कानून व्यवस्था का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए हैं।

स्थानीय लोग भी इस घटना से चिंतित हैं और चाहते हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाए और कानून का पालन किया जाए।

इस घटना के बाद बनभूलपुरा में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और इलाके में लगातार गश्त जारी है। पुलिस का उद्देश्य दोबारा ऐसी मारपीट की घटनाओं को रोकना है।

