
न्यूजीलैंड बनाम साउथ अफ्रीका पांच मैचों की टी20 सीरीज के बाद आईसीसी की ताजा रैंकिंग में कीवी पेसर्स को बड़ा फायदा हुआ है। सीरीज का आखिरी मैच साउथ अफ्रीका ने 33 रन से जीतकर 3-2 से अपने नाम किया, लेकिन न्यूजीलैंड के पेसरों के प्रदर्शन ने रैंकिंग में उन्हें ऊंचा स्थान दिलाया।


कीवी पेसर लॉकी फर्ग्यूसन ने 12 स्थान की छलांग लगाकर आईसीसी बॉलर्स टी20आई रैंकिंग में 39वें स्थान पर संयुक्त रूप से जगह बनाई। उनके साथी पेसरों—बेन सीयर्स, काइल जेमीसम और जाकरी फॉल्क्स—को भी रैंकिंग में फायदा मिला।

बेन सीयर्स ने 20 स्थान की छलांग लगाकर 59वें, काइल जेमीसम 5 स्थान ऊपर 76वें और जाकरी फॉल्क्स 8 स्थान ऊपर 81वें पायदान पर कब्जा किया। वहीं, साउथ अफ्रीका के कप्तान केशव महाराज 5 स्थान की बढ़त के साथ 47वें पायदान पर पहुंचे। ओटनील बार्टमैन ने 7 स्थान की छलांग लगाकर 66वें और गेराल्ज कोएत्जी 88वें स्थान पर जगह बनाई।


ICC Men’s ऑलराउंडर्स रैंकिंग में जॉर्ज लिंडे ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्थान की बढ़त हासिल की और 22वें स्थान पर पहुंचे। शीर्ष पर जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा 328 रेटिंग के साथ बने हुए हैं, जबकि भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या दूसरे स्थान पर 299 रेटिंग के साथ हैं। मोहम्मद नबी अब 7वें पायदान पर हैं।

आईसीसी टी20आई बैटर्स रैंकिंग में शीर्ष-6 में कोई बदलाव नहीं हुआ। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव बिना खेले ही दो स्थान ऊपर आकर 7वें स्थान पर पहुंच गए। संजू सैमसन को भी एक स्थान का फायदा मिला और वे 20वें पायदान पर हैं।
साउथ अफ्रीका के मिडिल ऑर्डर बैटर डेवाल्ड ब्रेविस दो स्थान नीचे 10वें पायदान पर खिसक गए। इंग्लैंड के जोस बटलर एक स्थान की बढ़त के साथ 9वें पायदान पर पहुंचे।


आईसीसी टी20आई बॉलर्स रैंकिंग के टॉप-5 में कोई बदलाव नहीं हुआ। राशिद खान 753 रेटिंग के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया के एडम जम्पा छठे स्थान पर एक स्थान ऊपर गए, जबकि साउथ अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश सातवें पर खिसके।

न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर तीन स्थान नीचे 16वें और भारत के कुलदीप यादव 42वें स्थान पर पहुंचे। हार्दिक पांड्या को भी दो स्थान का नुकसान हुआ और वे 48वें पायदान पर खिसक गए।

