“ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार

“ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार

स्थान : नैनीताल
ब्यरो रिपोर्ट

नैनीताल जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नशे के विरुद्ध सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में थाना स्तर पर गठित टीमों ने प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया।

पहली कार्रवाई के तहत गश्त और संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान वीआईपी गेट लालकुआं क्षेत्र से अभियुक्त रामवीर (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 81 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।

इस कार्रवाई में अ0उ0नि0 दया किशन सती, कांस्टेबल तरुण मेहता और कांस्टेबल कमल विष्ट की टीम शामिल रही, जिन्होंने तत्परता से कार्रवाई को सफल बनाया।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस टीम ने लालकुआं क्षेत्र के इमलीघाट गौला नदी के पास से अभियुक्त रघुवीर सिंह (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह एक मोटरसाइकिल (TVS स्पोर्ट्स) से 63 लीटर अवैध कच्ची शराब का परिवहन कर रहा था।

इस कार्रवाई को अ0उ0नि0 अंजू जेठी, कांस्टेबल दयाल नाथ और कांस्टेबल कमल विष्ट की टीम ने अंजाम दिया, जिन्होंने मौके पर ही आरोपी को पकड़ लिया।

दोनों मामलों में कोतवाली लालकुआं में अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।