उत्तराखंड-यूपी में हथियार तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

उत्तराखंड-यूपी में हथियार तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

स्थान- जसपुर
ब्यरो रिपोर्ट

उत्तराखंड एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस अभियान में भारी मात्रा में ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए हैं, जिससे उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक बड़े गैंग का नेटवर्क ध्वस्त होने का दावा किया जा रहा है।

एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टीम कुमाऊं ने जसपुर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर यह संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर दो अभियुक्तों—शमशेर सिंह और सिमरनजीत—को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 2 पंप एक्शन गन, 2 पिस्टल .32 बोर और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त सिमरनजीत पुलभट्टा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। उस पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ये हथियार शाहजहांपुर से लाकर जसपुर क्षेत्र में बेचने की फिराक में थे। इसके जरिए वे अवैध नेटवर्क को और मजबूत करने की योजना बना रहे थे।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे हथियारों को फर्जी लाइसेंस के जरिए आगे सप्लाई करने की तैयारी में थे, जिससे कानून व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा उत्पन्न हो सकता था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से एक बड़े अवैध हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है और आने वाले समय में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।