
स्थान : सितारगंज (उधम सिंह नगर)

ब्यरो रिपोर्ट

सितारगंज के शक्ति फार्म क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।


मृतका की पहचान रीना मंडल के रूप में हुई है। परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


मृतका के भाई शुभल मिस्त्री और शिवा मिस्त्री ने आरोप लगाया कि उनके जीजा दिलीप मंडल अक्सर उनकी बहन के साथ मारपीट और झगड़ा करते थे। उनका कहना है कि इसी घरेलू विवाद के चलते रीना मंडल की हत्या की गई है।

परिजनों का यह भी कहना है कि वे पिछले चार दिनों से न्याय के लिए दर-दर भटक रहे थे, लेकिन आज जाकर उनकी रिपोर्ट दर्ज की गई। इस देरी को लेकर भी परिवार में नाराजगी देखने को मिल रही है।

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग और परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

