
स्थान : गदरपुर
ब्यरो रिपोर्ट

गदरपुर क्षेत्र के कोलकाता माजरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


मृतक की मां के अनुसार, उन्होंने अपने बेटे को गांव के ही एक व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा था। इसके बाद वह युवक देर शाम अकेला लौट आया, जबकि उनका बेटा वापस नहीं आया।

रातभर परिजन युवक की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। सुबह इस संबंध में परिजनों ने रिश्तेदारों को सूचना दी और खोजबीन तेज की गई।

कुछ समय बाद मृतक के भतीजे सुखवंत ने फोन कर सूचना दी कि युवक की मृत्यु हो चुकी है। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और सभी लोग मौके पर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि मृतक के गले पर नीले निशान थे और शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक के भाई सुखवंत ने बताया कि गांव के ही एक परिवार के साथ उनकी पुरानी रंजिश चल रही है और उसी को लेकर शक जताया जा रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा उन पर अंतिम संस्कार जल्द करने का दबाव बनाया गया, लेकिन इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फिलहाल गदरपुर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

