झबरेड़ा थाने का वार्षिक निरीक्षण: SSP भुल्लर ने पुलिस व्यवस्था की ली बारीकी से जांच

झबरेड़ा थाने का वार्षिक निरीक्षण: SSP भुल्लर ने पुलिस व्यवस्था की ली बारीकी से जांच

लोकेशन – रूड़की
ब्यरो रिपोर्ट

रुड़की के झबरेड़ा थाने में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर वार्षिक निरीक्षण के लिए पहुंचे। उनका स्वागत सेरिमोनियल गार्ड की आकर्षक सलामी के साथ भव्य अंदाज में किया गया।

थाने का परिसर पूरी तरह से सजा-धजा नजर आया। SSP भुल्लर ने थाने के कार्यालय, कर्मचारी बैरक, भोजनालय और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की सफाई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। वहीं, गर्मियों को देखते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने, कीटनाशक छिड़काव और शौचालयों की नियमित सफाई के निर्देश भी दिए।

कार्यालय स्टाफ के साथ बैठक में SSP ने दस्तावेजों और रजिस्टरों को अपडेट रखने, सीसीटीएनएस सिस्टम को मजबूत करने और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।

मालखाने का निरीक्षण करते हुए उन्होंने मुकदमाती माल को व्यवस्थित रखने, पुराने मामलों के निस्तारण और लावारिस वाहनों की नीलामी के निर्देश दिए।

एसएसपी ने असलाह का निरीक्षण भी किया और जवानों से उसे खोलने-जोड़ने की प्रक्रिया करवाई। उन्होंने नियमित प्रशिक्षण को भी सुनिश्चित करने के लिए जोर दिया।

निरीक्षण के बाद SSP भुल्लर ने नवनिर्मित आदर्श भोजनालय का उद्घाटन किया और इसे पुलिसकर्मियों को समर्पित किया।

अंत में सैनिक सम्मेलन में जवानों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के निर्देश भी दिए गए। SSP ने कहा कि ऐसी निरीक्षण प्रक्रियाओं से पुलिस व्यवस्था में सुधार और जवानों की सुविधा सुनिश्चित होती है।