मसूरी में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सड़क और विकास कार्यों का लिया जायजा

मसूरी में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सड़क और विकास कार्यों का लिया जायजा

स्थान : मसूरी
ब्यरो रिपोर्ट

मसूरी में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाल्मीकि मंदिर के पास क्षतिग्रस्त सड़क क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए और कहा कि छोटे वाहनों के लिए फिलहाल एक मार्ग खोला जाए ताकि यातायात सुचारू रूप से चलता रहे।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने यातायात व्यवस्था पर नाराजगी जताई और मसूरी कोतवाल को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गांधी चौक पर किसी भी स्थिति में वाहन, स्कूल टैक्सी या स्कूटी खड़ी न होने दी जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।

इसके बाद मंत्री जोशी ने गांधी चौक स्थित हवा घर में अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर के विकास कार्यों की समीक्षा की। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण को माल रोड के सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

मसूरी गढ़वाल जल संस्थान के अधिकारियों को शहर में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कड़े निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि 144 करोड़ रुपये की मसूरी-यमुना पंपिंग योजना के बावजूद कुछ क्षेत्रों में पानी की समस्या बनी हुई है, जिसे तत्काल दूर किया जाए।

पर्यटन नगरी मसूरी में सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि शहर आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने मसूरी-देहरादून की लाइफ लाइन माने जाने वाले वैली ब्रिज के स्थायी निर्माण की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि पुल निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है और सामान्यतः इसे 7-8 माह में पूरा किया जाता है, लेकिन अधिकारियों को इसे चार माह में पूरा करने के लिए दिन-रात काम करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान मंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा हर चुनाव के लिए तैयार रहती है और इस बार जीत के अंतर को बढ़ाने पर ध्यान है। उन्होंने डा. हरक सिंह रावत पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह कई दलों में रह चुके हैं, इसलिए फिलहाल उन पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन भविष्य में उनके भाजपा में आने की संभावना से इनकार नहीं किया।