अवैध खनन पर सख्ती: शक्तिफार्म चौकी के सभी पुलिसकर्मी सस्पेंड

अवैध खनन पर सख्ती: शक्तिफार्म चौकी के सभी पुलिसकर्मी सस्पेंड

स्थान – सितारगंज
ब्यरो रिपोर्ट

अवैध खनन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर शक्तिफार्म चौकी इंचार्ज समेत पूरी चौकी के पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

लंबे समय से चल रहा था खनन: शक्तिफार्म क्षेत्र के निर्मल नगर में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन जारी था। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इस पर रोक नहीं लग पाई थी, जिससे प्रशासन पर सवाल उठ रहे थे।

राजस्व टीम की कार्रवाई: कुछ सप्ताह पहले तहसीलदार हिमांशु जोशी के निर्देश पर राजस्व कर्मियों ने अवैध मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ा था।

माफियाओं का दबदबा: कार्रवाई के दौरान खनन माफिया ट्रैक्टर-ट्रालियों को जबरन छुड़ाकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वीडियो हुआ वायरल: इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कथित माफियाओं के चेहरे भी साफ दिखाई दे रहे थे। इसके बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

जांच में खुली पोल: लगातार मिल रही शिकायतों और मीडिया रिपोर्ट्स के बाद एसएसपी ने मामले की जांच कराई। जांच में पुलिस की लापरवाही और कई खामियां सामने आईं।

कड़ी कार्रवाई: इसके बाद एसएसपी ने सख्त कदम उठाते हुए चौकी इंचार्ज प्रकाश भट्ट सहित कुल आठ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

मचा हड़कंप: इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे और खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।